बाबरी। केदारनाथ त्रासदी में लापता हुए नितिन के इंतजार में परिजनों की आंखें पथरा गईं हैं। आठ साल पहले लापता हुए नितिन का अब तक कुछ पता नहीं लगा है। बृहस्पतिवार को परिजनों ने उसकी याद में हवन कर उसके सकुशल लौटने की प्रार्थना की।
बाबरी थाना क्षेत्र के गांव भंदौड़ा निवासी नितिन शर्मा पुत्र ओमपाल शर्मा (21) बोलेरो किराये पर चलाता था। 2013 में सात सवारियों को लेकर वह 14 जून उत्तराखंड चारधाम यात्रा पर गया था। नितिन 15 जून को गौरीकुंड में गाड़ी लेकर पहुंचा। 16 जून को उसने शाम आठ बजे अपनी मां बाला को फोन कर घर परिवार का हालचाल जाना व हल्की बारिश होने की बात कही थी। नितिन का कहना था कि वहां सब ठीक है। 16/17 जून की रात केदारनाथ घाटी में आई त्रासदी में बाद से नितिन का कुछ पता नहीं लगा। परिजन आठ साल से नितिन के आने की राह देख रहे हैं। बृहस्पतिवार को नितिन शर्मा की याद में भाई अंकित, बहन स्वाति, मां बाला तथा पिता ओमपाल ने हवन कर उसके सकुशल लौटने की प्रार्थना की।