फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: पहचान छिपाने को नाम और ठिकाना बदलकर करते थे तेल का काला कारोबार

विज्ञापन
विज्ञापन
शामली। देशभर में डीजल और पेट्रोल की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य पुलिस और प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने के लिए फर्जी नाम और पते का सहारा लेते थे। गिरोह से जुड़े लोग अपनी असली पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों और जिलों का निवासी बताकर तेल की डीलिंग करते थे। शामली पुलिस की जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है।
विज्ञापन

तेल तस्करी के नेटवर्क का पता चलने के बाद पुलिस लगातार गिरोह की परतें खोल रही है। जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य अपनी असली पहचान उजागर न हो, इसके लिए हर स्तर पर सावधानी बरतते थे। बातचीत और सौदेबाजी के दौरान वे कभी अपना नाम बदल लेते थे तो कभी खुद को दूसरे जिले का निवासी बताते थे।
पुलिस के अनुसार, हापुड़ निवासी सलीम खुद को कभी काला तो कभी सोनू बताकर लोगों से संपर्क करता था। वहीं गिरोह के अन्य सदस्य भी मोनू, सोना और अन्य नामों का इस्तेमाल करते थे। यही नहीं, असली ठिकाने को छिपाने के लिए आरोपी खुद को बागपत, शामली, सोनीपत और पानीपत का निवासी बताकर कारोबार करते थे।
विज्ञापन

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गिरोह ने पहचान छिपाने का यह तरीका इसलिए अपनाया था ताकि किसी भी शिकायत या जांच की स्थिति में उन तक पहुंचना मुश्किल हो जाए। अलग-अलग नाम और पते बताने से तेल खरीदने वाले लोग भी उनकी वास्तविक पहचान नहीं जान पाते थे।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। जांच में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह से जुड़े कितने लोग अभी वांछित हैं और उनका नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।

पेट्रोल पंपों पर मुफ्त सुविधाओं का दावा, जमीनी हकीकत में कई जगह कमी
कहीं हवा भरने की सुविधा नहीं, तो कहीं कर्मचारियों को फर्स्ट एड बॉक्स तक की जानकारी नहीं
नियमों में अनिवार्य हैं चार सुविधाएं, फिर भी कई पंपों पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी

फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को केवल ईंधन ही नहीं, बल्कि कई जरूरी सुविधाएं भी मुफ्त में उपलब्ध कराई जानी चाहिए। तेल कंपनियों और सरकार के नियमों के अनुसार प्रत्येक पेट्रोल पंप पर हवा, स्वच्छ शौचालय, पीने का पानी और फर्स्ट एड बॉक्स की व्यवस्था अनिवार्य है। हालांकि, पड़ताल में सामने आया कि जिले के कई पेट्रोल पंपों पर इन सुविधाओं को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।
पड़ताल के दौरान कुछ पेट्रोल पंपों पर हवा भरने की सुविधा नहीं मिली, जबकि कई कर्मचारियों को फर्स्ट एड बॉक्स के बारे में ही जानकारी नहीं थी। ऐसे में सवाल उठता है कि आपात स्थिति में राहगीरों और वाहन चालकों को जरूरी मदद कैसे मिलेगी।

कांधला रोड पर दिखी बड़ी लापरवाही
कांधला रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर कर्मचारी से फर्स्ट एड बॉक्स से दर्द की दवा मांगी गई तो उसने साफ कहा कि उसे यह तक नहीं पता कि फर्स्ट एड बॉक्स क्या होता है। इतना ही नहीं, वहां हवा भरने के लिए कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं मिला।

कई स्थानों पर नहीं मिली हवा की सुविधा
मुजफ्फरनगर रोड स्थित पेट्रोल पंप पर हवा भरने की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसी तरह एचटी तिराहे के पास स्थित पेट्रोल पंप पर भी वाहन चालकों को मुफ्त हवा की सुविधा नहीं मिल सकी।

फर्स्ट एड बॉक्स की जानकारी तक नहीं
बुढ़ाना रोड स्थित पेट्रोल पंप पर कर्मचारी फर्स्ट एड बॉक्स के बारे में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। इससे साफ है कि कई स्थानों पर नियमों का पालन केवल कागजों तक सीमित है।

ये चार सुविधाएं हर पेट्रोल पंप पर हैं अनिवार्य
टायरों में हवा भरने की मुफ्त सुविधा
महिलाओं और पुरुषों के लिए स्वच्छ शौचालय
यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल
आपात स्थिति के लिए फर्स्ट एड बॉक्स
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई : डीएसओ

जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव ने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर हवा, पानी, फर्स्ट एड बॉक्स और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना अनिवार्य है। यदि किसी पेट्रोल पंप पर इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है तो शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही निरीक्षण अभियान चलाकर पेट्रोल पंपों की जांच की जाएगी। उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें