चौसाना क्षेत्र के गांव माजरा भड़ी में हंगामा करते लोग । संवाद
झिंझाना। भड़ी में शुक्रवार को पुराना विवाद में एक बार भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें महिलाओं समेत पांच घायल हो गए। हमले का सिलसिला बाजार तक जा पहुंचा, जहां एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।
ग्रामीणों के अनुसार, तेवर और फुरकान पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से तनातनी चल रही थी, जिसको लेकर दो दिन पहले गांव के संभ्रांत लोगों ने सुलह कराने की भी कोशिश की थी, लेकिन शुक्रवार दोपहर फिर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि तेवर पक्ष के आधा दर्जन लोगों ने फुरकान पक्ष की मेहरुबा, साहिबा और एक अन्य महिला के साथ लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे तीनों घायल हो गईं।
घायल महिलाएं परिजनों के साथ पुलिस चौकी पहुंचीं और घटना की तहरीर दी। इसी दौरान फुरकान पक्ष के एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदारों को सूचना दी, जिसके बाद आठ से दस युवक गाड़ी में सवार होकर चौसाना बाजार पहुंचे। संयोगवश, तेवर पक्ष का युवक फन्नी बाजार में मिला, जिस पर हमला कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने फन्नी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में किए। पुलिस ने दो युवकों को मौके से हिरासत में लिया, जबकि बाकी हमलावर मौके से भाग गए। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।