शामली। संत प्रवर विजय कौशल महाराज ने कहा कि श्रीराम कथा ही भगवान का दर्शन कराने की एकमात्र गारंटी है। श्रीराम जी की कथा सुनने से हम भव सागर पार करने की तैयारी कर लेते हैं। अपने मन का मैल हम श्रीराम कथा श्रवण से धो सकते हैं। कोई ऐसी साबुन नहीं बनी जो मन का मैल साफ कर सके।
शनिवार को सकल समाज शामली की ओर से माजरा रोड पर नवीन मंडी स्थल में नौ दिवसीय श्रीराम कथा शुरू हुई। शुभारंभ मुख्य अतिथि राधेश्याम यादव जिला जज मुजफ्फरनगर, मुख्य यजमान पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, उद्यमी अशोक बंसल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर दिया। संत प्रवर विजय कौशल महाराज श्रीराम कथा की अमृत वर्षा की। कहा कि भगवान को निर्मल मन वाला पसंद है। जहां जहां पर भगवान की कथा होती हैं वहां पर सभी विराजमान देवतागण और भक्त शिरोमणि हनुमान भी कथा सुनने आते हैं। राम नाम लेने से आनंद की प्राप्ति होती है।
संतों की कृपा से ही भगवान के दर्शन होते है। संतों की वाणी से ही हम श्रीराम कथा, श्री कृष्ण कथा का वर्णन सुन सकते हैं। वही हमारा कल्याम करा सकते हैं। भगवान कहते हैं ना मैं बैकुंठ में रहता हूं, ना ही संतों के हृदय में, मैं तो जहां कथा हो रही हो ,वहां भक्तों के दिल में रहता हूं। राम से मिलना कथा में हो सकता है। जिस पर प्रभु की कृपा होती है, वही श्रीराम कथा सुनता है। मौके पर पर जिला पंचायत चेयरमैन पति प्रसन्न चौधरी, श्रीपाल गोयल, मुकेश गर्ग, रविकांत गर्ग, आदेश जैन, विनोद कुमार संगल, नरेश कुमार, ओमप्रकाश शर्मा, अजय गर्ग, राजीव मलिक, आर्यवती गोयल, वीना अग्रवाल, अजय संगल, ब्रिजेश सैनी आदि मौजूद रहे।