बनत में किसान क्लब द्वारा आयोजित कबड्डी खेलते खिलाड़ी । संवाद
शामली। बनत कस्बे में स्व. कुलदीप सिंह की स्मृति में किसान क्लब की ओर से दो दिवसीय ऑल इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दूसरे दिन सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। इसमें नोएडा और मेरठ की टीमें फाइनल मुकाबले में पहुंचीं।
रविवार को भी कबड्डी प्रतियोगिता में पुलिस, सभी सेनाओं के साथ ही दिल्ली, हरियाणा व यूपी के कई जनपदों की एकेडमी की टीमों ने दम दिखाया। आयोजक प्रशांत चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल बागपत जनपद के गांव बसी की टीम व बीके एकेडमी परतापुर मेरठ के बीच हुआ। इसमें बसी 24 अंक और मेरठ की टीम 32 अंक बनाकर फाइनल में पहुंची।
वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला जीडी एकेडमी नोएडा और लखावटी बुलंदशहर के बीच हुआ। इसमें नोएडा ने 34 अंक बनाए और लखावटी 31 अंक बनाते हुए तीन अंक से हार गई। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नोएडा व मेरठ की टीम के बीच होगा। इस दौरान अमित व अनिरुद्ध ने बताया कि फाइनल मुकाबला देर रात्रि तक चलेगा। पुरस्कार के रूप में प्रथम को 71 हजार, द्वितीय को 51 हजार व तृतीय टीम को 31 हजार रुपये दिए जाएंगे।