शामली। क्षेत्र के गांव जलालपुर में शादी समारोह में कली चूना डाल रहे युवक को लावारिस पशु ने टक्कर मारकर गंभीर घायल कर दिया। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव जलालपुर में रविवार को लड़की की बरात आने से पहले तैयारी चल रही थी। सुबह के समय गांव का युवक राहुल घर के बाहर सड़क पर कली चूना डाल रहा था। उसी दौरान सड़क की ओर से आए लावारिस पशु ने अचानक उसे टक्कर मार दी। इससे राहुल उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर घायल हो गया। उसकी चीख पुकार सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लावारिस पशु को वहां से भगाया। परिजनों ने घायल राहुल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक ने कंधे और हाथ में गंभीर चोट आना बताया है।