शामली। बाबरी पुलिस आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही। जिस कारण पीड़ितों को एसपी दफ्तर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। मंगलवार को बाबरी के कई ऐसे मामले एएसपी के सामने पहुंचे।
बाबरी निवासी सुखवीर सिंह के मकान की दीवार को गांव के ही विपिन और संजय ने ढहा दिया। आरोप है कि दोनों भाई सुखवीर के मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। विरोध करने पर उसको पीटा गया। मामले की सूचना पुलिस को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद पीड़ित सीधा एसपी दफ्तर पर पहुंचा और शिकायत की।
एएसपी ने तुरंत पुलिस को दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए। एक अन्य मामले में बाबरी के गांव बुटराड़ा निवासी निसार भी एसपी दफ्तर पर पहुंचा। बताया कि गत रात्रि वह खेत पर पानी चला रहा था।
घर पर उसकी पत्नी व बच्चे अकेले थे। आरोप है कि पड़ोस के ही लोग पुरानी रंजिश में उसके घर घुस आए और पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट की। सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं की। पीड़ितों ने कार्रवाई की मांग की है।
बाबरी क्षेत्र के गांव सोंटा निवासी शौराज ने बताया कि 23 फरवरी को कुछ लोगों ने उसकी दुकान में आग लगाने की कोशिश की।
विरोध करने पर मारपीट की। पुलिस को तहरीर दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।