आसपास के जिलों में हो रही वारदातों के मद्देनजर एसपी अजय कुमार ने मंगलवार को शहर के पेट्रोल पंप और बैंकों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था परखी। बैंक के गार्ड के कारतूस भी चेक किए गए।
एसपी अजय कुमार मंगलवार दोपहर को एमएसके रोड स्थित इलाहाबाद बैंक की शाखा पहुंचे। उन्होंने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। कंट्रोल रूम में देखा कि सीसीटीवी कैमरे सही काम कर रहे हैं या नहीं। कैमरों की लोकेशन और क्लीयरिटी भी चेक की गई। एसपी ने यहां तैनात गार्ड के कारतूस आदि भी चेक किए। एसपी ने पंजाब नेशनल बैंक में जाकर भी सुरक्षा व्यवस्था देखी। इसके बाद उन्होंने एमएसके रोड स्थित दो पेट्रोल पंप भी चेक किए । एसपी अजय कुमार ने बताया कि बैंकों में सभी व्यवस्था ठीक मिली। प्रबंधकों को सुरक्षा संबंधी दिशा निर्देश दिए गए। एक पेट्रोल पंप के कैमरों से सड़क की लोकेशन नजर नहीं आ रही थी। एसपी ने संचालक को इस संबंध में हिदायत दी। कहा कि सड़क की लोकेशन भी कैमरों में होनी चाहिए। संचालक ने एक सप्ताह में दो नए कैमरे लगवाने का भरोसा दिया। एसपी ने बताया कि सराफा व्यापारियों के यहां भी जांच की जाएगी। व्यापारियों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठान में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। व्यापार संघ भी बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए अपने व्यापारियों को प्रेरित करें।