शामली। शनिवार को जनपद के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम जसजीत कौर और एसपी सुकीर्ति माधव ने थाना कांधला पहुंचकर समाधान दिवस में जन शिकायतों की सुनवाई की।
दोनों अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्या को सुनकर संबंधित विभाग को उसके समाधान हेतु निर्देशित किया। उन्होंने पूर्व में आई कुछ भूमि विवाद संबंधी शिकायतें, जिनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारित होना अभी शेष है, उनकी पुन: समीक्षा कर स्थाई समाधान के लिए कहा गया। एसपी ने भूमि विवाद, हत्या, बलवा संबंधी मामलों को रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। इस दौरान अभिलेखों के रख रखाव को देखा गया। दोनों अधिकारियों ने अधीनस्थों केे बताया कि फरियादियों की समस्या का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाए। इस दौरान डीएम व एसपी ने थाना हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष में जीडी कार्य लेखन और एफआईआर की कार्रवाई नियमित रुप से किया जाना पाया गया। महिला हेल्प डेस्क पर महिलाओं से संबंधित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मौजूद कर्मचारी को अभिलेखों के रख-रखाव हेतु निर्देशित किया। शहर कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में दो शिकायतें पहुंची, जिनका निस्तारण कर दिया गया।