दिव्यांगजनों की समस्याओं का किया समाधान
शामली। सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन कार्यालय में दिव्यांगों की समस्याओं के निस्तारण हेतु विशेष शिविर लगाया गया। शिविर में दिव्यांगजनों की परिवहन संबंधी समस्याओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजय संगल ने किया। एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि शिविर में दिव्यांगजनों की समस्याओं का निस्तारण किया गया और अनुकूलित वाहन चलाने, उसका पंजीयन कराने एवं ड्राइविंग लाइसेंस के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में दिव्यांगजनों को लाइसेंस, पंजीयन और अन्य कार्य कराने हेतु परिवहन विभाग द्वारा दी जाने वाली सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया। शहर के माजरा रोड निवासी दिव्यांग गौरव पाल का एडाप्टेड वाहन चलाने के लिए शिक्षार्थी लाइसेंस जारी किया गया।
यातायात प्रभारी भंवर सिंह ने सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी देकर दिव्यांगजनों को जागरूक किया ओर उनकी समस्याओं का निस्तारण किया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा संबंधी पर्चे वितरित किए गए। इसके बाद सड़क सुरक्षा संबंधी शपथ दिलाई गई। एआरएम रोडवेज मनोज वाजपेयी ने दिव्यांगजनों को परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने संबंधी जानकारी दी।
ये बोले दिव्यांग
शहर के मोहल्ला दयानंद नगर निवासी राहुल कुमार ने बताया कि वह सब्जी की दुकान करते हैं। वह ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने आए थे। शिविर में उन्हें बताया गया कि उन्हें अनुकुलित वाहन अपने नाम से लेना होगा, उसके बाद लाइसेंस जारी किया जाएगा।
गांव कुरमाली निवासी अब्दुल मन्नान ने बताया कि वह शिविर में बाइक चलाने का लाइसेंस बनवाने आए थे, लेकिन उन्हें बताया गया कि ई रिक्शा का चलाने का लाइसेंस मिलेगा, जो उसके नाम होगी। उसे शिविर में आकर परिवहन संबंधी जानकारी मिली।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल निवासी बीए के छात्र सन्नी सैनी ने बताया कि वह बिना कलच वाली कार या चार पहिये वाली स्कूटी चलाने का लाइसेंस बनवाने आए थे। उन्हें बताया गया कि पहले उन्हें अपने नाम से गाड़ी लेनी होगी, इसके बाद लाइसेंस बन सकेगा। फिलहाल उनके पास कोई वाहन नहीं है।
बाबरी निवासी पुनीत ने बताया कि वह इस उम्मीद के साथ आए थे कि शिविर में ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जाएंगे, लेकिन यहां पर लाइसेंस न बनाकर सिर्फ परिवहन संबंधी जानकारी दी जा रही है।