ऊन/शामली। क्षेत्र के गांव हरसाना में मंगलवार को चारा काटते समय 40 वर्षीय ममता को सांप ने डस लिया। महिला को परिजनों ऊन सीएचसी ले गए। समय पर एंटी स्नेक वेनम मिलने से उसकी जान बच गई।
ममता के भतीजे हरसाना के अंकित ने बताया कि मंगलवार को उसकी चाची ममता पत्नी सुभाष अपने खेत में पशुओं के लिए चारा लेने के लिए गई थी। तभी काले रंग के जहरीले सांप ने पैर में काट लिया। चाची ने शोर मचाया तो परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तुरंत महिला को सीएचसी ऊन में भर्ती कराया, जहां पर उसे एंटी वेनम दी गई। हालांकि, परिजन उसे करनाल के अस्पताल में लेकर चले गए, जहां पर उसकी हालत में सुधार है। परिजनों ने बताया कि महिला को लगभग छह माह पहले भी सांप ने डस लिया था। उस समय भी एंटी स्नैक वेनम लगवाने के कारण उसकी जान बच गई थी।
n जिला अस्पताल में हर माह सामने आ रहे 11 से 14 मामले : शामली जिला अस्पताल में हर माह 11 से 14 मामले सामने आ रहे हैं। अभी तक इस माह जिला अस्पताल में सर्पदंश के 14 मामले आ चुके हैं, जबकि अगस्त माह में 11 मामले सामने आए थे। मई माह में दो केस, जून में चार और जुलाई में तीन केस सर्पदंश के आ चुके हैं।
सभी मरीजों को एंटी स्नेक इंजेक्शन व दवा देकर उपचार किया गया। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया बरसात के मौसम में सर्प अक्सर बाहर निकल आते हैं, इसलिए इनसे बचाव करना जरूरी है। अगर किसी को सांप काट लेता है तो घबराने की जरूरत नहीं है। झाड़फूंक व टोना-टोटका आदि के चक्कर में कतई न पड़ें। अस्पताल में समय पर पहुंचकर उपचार कराएं। उपचार में देरी करना खतरनाक हो सकता है।