शामली। जनपद में स्मार्ट मीटर व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। शुक्रवार को सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बिजलीघर पर पहुंचकर हंगामा किया।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने अपना बकाया बिजली बिल जमा कर दिया है, इसके बावजूद उनकी सप्लाई बहाल नहीं की गई। इससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने के कारण इन्वर्टर भी जवाब दे गए और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हुईं।
बिजलीघर पर बिल जमा कराने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। राहुल, सोमपाल, नरेश, सुनील, आकाश, निर्मला, रूबी और पिंकी ने बताया कि उन्होंने बृहस्पतिवार को ही अपना बकाया बिल जमा कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद पूरी रात और शुक्रवार को भी बिजली चालू नहीं हो पाई।
आक्रोशित उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। हंगामा करने वालों में काजीवाड़ा के सुनील कुमार, मुनीष, रेलपार कॉलोनी के सूरज कुमार, मनवीर, सायरा रहे।
अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र सिंह का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं पर बिल बकाया है, उनकी आपूर्ति बंद की गई है। बिल जमा होने के कुछ समय बाद सप्लाई स्वतः बहाल हो जाती है। हालांकि, शुक्रवार को पूरे दिन पोर्टल पर कार्य चलने के कारण आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। कल सभी की आपूर्ति बहाल हो जाएगी।