शामली। गांव झाल स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में वित्तीय साक्षरता विशेष कैंप लगाया गया, जिसमें ग्रामीणों को धन प्रबंधन, बचत की महत्ता सहित बैंकों की सुविधा के बारे में जानकारी दी गई।
शुक्रवार को आयोजित शिविर में एसडीएम एमपी सिंह ने कहा कि ग्रामीणों को अधिक से अधिक बचत करनी चाहिए। बचत की राशि को सरकार द्वारा घोषित विभिन्न सरकारी योजनाओं में निवेश करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण के बारे में भी जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि 22 और 23 अक्तूबर को प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष अभियान के दौरान नए वोटर बनवाने, नाम कटवाने और संशोधित कराने में सहयोग करें।
अग्रणी बैंक प्रबंधक हरपाल सिंह तोमर ने जन धन योजना, किसान कृषि कार्ड और कृषि ऋण के बारे में जानकारी दी। आमदनी, खर्चे और बचत का प्रबंधन करने के बारे में बताया तथा कहा कि वित्तीय डायरी बनाकर रखनी चाहिए। वाईपीएस पंवार ने वित्तीय योजना, धन का प्रबंधन, बचत की महत्ता, बचत की आदत डालने, बैंकों में बचत करने के लिए लाभ, बैंकों द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।