श्मशान से मिट्टी उठाने पर निकल आए कंकाल
कैराना। ग्राम समाज की भूमि पर अखाड़ा बनवाने के दौरान श्मशान घाट से मिट्टी उठाने पर वहां बच्चों के कंकाल और कपड़े आदि बाहर आ गए। इसे लेकर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे सीओ मिट्टी दोबारा श्मशान में डलवाई। मामले में ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के पति के विरुद्ध तहरीर दी है।
आर्यपुरी देहात के मजरे बदलूगढ़ में श्मशान के बराबर में ग्राम समाज की भूमि पर ग्राम प्रधान द्वारा अखाड़े का निर्माण कराया जा रहा है। अखाड़े में मिट्टी भराव के लिए एक दिन पहले से जेसीबी से श्मशान घाट से मिट्टी ली जा रही थी। सोमवार शाम मिट्टी की खोदाई के दौरान श्मशान की भूमि से दफनाए गए बच्चों के कंकाल व कपड़े बाहर आ गए, जिस पर ग्रामीणों में रोष फैल गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ प्रदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीण सुधीर कुमार, प्रभु सिंह, ओमपाल, ब्रह्मपाल, राजू, विरेंद्र, जयपाल आदि ने कहा कि ग्राम प्रधान के पति सत्तार अली को अखाड़े के लिए मिटटी कहीं दूसरी जगह से लेकर आनी चाहिए थी। श्मशान की मिट्टी खोदने से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। बाद में सीओ ने मौके पर जेसीबी बुलाकर अखाड़े से मिट्टी उठवाकर दोबारा श्मशान घाट में डलवा दी। बाद में ओमपाल कश्यप, जयपाल कश्यप, विनोद, विकास, सन्नी, धर्मपाल आदि ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के पति सत्तार अली के विरुद्ध तहरीर दी।
इन्होंने कहा...
जिला पंचायत की ओर से श्मशान घाट की सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। सड़क ठेकेदार ने श्मशान से मिट्टी उठाकर सड़क किनारे लगवा दी। बराबर में ही बनाए जा रहे खेल के मैदान में भी दो-तीन ट्राली मिट्टी डाली गई थी, जिसे वापस डलवा दिया। मेरे ऊपर लगाए जा रहे आरोप निराधार है।
-सत्तार अली, प्रधान के पति, आर्यपुरी देहात।
गांव में अखाड़े के लिए श्मशान से मिट्टी उठाकर डलवाई गई थी, जिसमें कुछ कंकाल बाहर आ गए थे। मिट्टी वापस डलवा कर उन्हें दबवा दिया गया है। ग्राम प्रधान के पति के विरुद्ध तहरीर मिली है। मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- प्रदीप सिंह, सीओ, कैराना। फोटो
कैराना के बदलूगढ़ में श्मशान घाट में मिटटी खुदाई के दौरान निकली हड्डी।- फोटो : SHAMLI