शामली/ झिंझाना। जिले में बुधवार रात को शामली व झिंझाना क्षेत्र में अलग-अलग तीन स्थानों पर हुई पुलिस मुठभेड़ में गोकशी करने के 25 हजार रुपये के इनामी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान सभी छह आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं, जबकि दो पुलिसकर्मियों के हाथों में गोली लगी है।
शहर कोतवाली, आदर्श मंडी और एसओजी टीम के साथ मेरठ-करनाल हाईवे पर सिंभालका उपरिगामी पुल के पास हुई मुठभेड़ में गोकशी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बाइक सवार महबूब निवासी मोहल्ला सद्दीकनगर भूमियापुल थाना लिसाड़ी गेट मेरठ व उसका साथी सनव्वर निवासी मोहल्ला श्यामनगर थाना लिसाड़ी गेट मेरठ पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि महबूब 27 जुलाई को गांव झाल के जंंगल में संरक्षित पशुओं को काटने व अवशेष फेंकने की घटना में वांछित चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस मामले में सात आरोपी नसीम, इरशाद, साहिल व सौरभ, शमीम, जुनैद, आसिफ पूर्व में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं।
दूसरे मामले में एसपी ने बताया 24 नवंबर को इकबाल निवासी मोहल्ला तलाही झिंझाना ने 24 नवंबर को घर से भैंस व कटिया चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पशु चोरी में वांछित चल रहे चार गो तस्करों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी शादाब निवासी मोहल्ला इस्लामनगर गाजियाबाद व इमरान निवासी श्यामनगर थाना लिसाड़ी गेट मेरठ को गांव ऊदपुर के जंगल में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है।
इसके अलावा गांव भड़ी के जंगल में हुई मुठभेड़ में मुकर्रम निवासी गांव बल्ला माजरा और सावेज निवासी बढ़ी माजरा थाना गंगोह जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए है। एसपी ने बताया पुलिस मुठभेड़ के दौरान झिंझाना थाने पर तैनात दो कांस्टेबल आशीष व गुलफाम भी हाथ में गोली लगने से घायल हुए हैं। चारों आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे, कारतूस, खोखा, पिकअप, कार पशु काटने के उपकरण, 70 हजार रुपये और एक संरक्षित पशु बरामद हुआ है। एसपी ने पुलिस टीम को 25-25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।