बनत। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर 14 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर छह लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने एसडीएम से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्राम गुजरान निवासी जरीना ने एसडीएम अर्चना शर्मा को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पति बलवा बाईपास पर कन्फेक्शनरी की दुकान चलाते हैं। इसी दौरान मोहल्ला पंसारियान का रहने वाला युवक पिछले करीब आठ माह से उनकी दुकान पर आता-जाता रहा और खुद को लेखपाल बताकर सरकारी दफ्तर में होने का दावा किया। आरोप है युवक ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 14 लाख रुपये दिलाने का भरोसा दिलाकर परिवार को झांसे में लेकर एक लाख रुपये नकद और पांच लाख रुपये फोनपे के माध्यम से ले लिए।
रकम लेने के बाद से ही आरोपी टालमटोल कर रहा है और अब फोन उठाना भी बंद कर दिया है। पीड़िता का कहना है कि उसने यह रकम ब्याज पर उधार लेकर दी थी, जिससे अब उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। एसडीएम का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।