शामली जैन मन्दिर में दशलक्षण पर्व पर पूजन करते जैन समाज के लोग।
- फोटो : SHAMLI
घरों और मंदिरों में श्रीजी का किया अभिषेक
शामली। जिलेभर में दशलक्षण पर्यूषण महापर्व के पहले दिन जैन मंदिरों और जिनालयों में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए नियमित आने वाले श्रद्धालु ही पहुंचे। भगवान श्री पार्श्वनाथ, आदिनाथ और महावीर जिनालयों में श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा और अष्ट मंगल द्रव्य से विधि विधान से पूजन किया गया।
रविवार को दशलक्षण पर्यूषण महापर्व के पहले दिन शहर के जैन मोहल्ला में श्री पार्श्वनाथ और धर्मपुरा मोहल्ले में आदिनाथ और तालाब रोड स्थित भगवान महावीर जिनालय में श्रद्धालुओं ने श्रीजी का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। श्री पार्श्वनाथ जिनालय में कमल जैन, रितेश जैन, सम्यक जैन ने श्रीजी का अभिषेक एवं पूजन किया। सकल जैन समाज के मोहित जैन के मुताबिक घरों में भगवान का अभिषेक पूजा-अर्चना की गई। पूरे दिन व्रत रखकर उत्तम क्षमा धर्म के बारे में परिवार में चर्चा की गई। मुजफ्फरनगर में विराजमान जैन मुनि का आनलाइन प्रवचन सुना गया। महाराज की प्रेरणा से चिंतन करके अपने अंतरंग में छिपे क्षमा गुण की खोज करना है। पहले दिन सप्त व्यसन का त्याग करने, दिन में आधे घंटे मौन से रहना, रात का चारों प्रकार का आहार का त्याग, योग की पंच मुद्रा में रहने पर की चर्चा की गई।