गढ़ीपुख्ता में बाल श्रमिकों की जांच करने पहुंची टीम।
- फोटो : SHAMLI
बाल श्रमिकों की तलाश में दुकानों पर छापा
गढ़ीपुख्ता। सोमवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने गढ़ीपुख्ता पुलिस के सहयोग से कस्बे के बाजारों में स्थित हलवाई व किराना की दुकानों पर छापा मारा, लेकिन कोई भी बाल श्रमिक कार्य करता नहीं मिला। टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि बच्चों से काम लिया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की प्रभारी निरीक्षक सीमा, हेड कांस्टेबिल आशा, विजयपाल सिंह, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के विनोद कुमार के साथ गढीपुख्ता थाने पहुंचीं। यहां से स्थानीय पुलिस के साथ कस्बे के बड़ा बाजार व छोटा बाजार सहित अन्य बाजारों में हलवाइयों व परचून की दुकानों पर छापामारी की। इस दौरान किसी भी दुकान पर कोई भी नाबालिग बच्चा कार्य करता नहीं मिला। टीम की प्रभारी निरीक्षक सीमा ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि यदि बच्चों से काम कराया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर गढ़ीपुख्ता थाने के एसआई अशोक कुमार व अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।