देवोत्थान एकादशी पर खूब बजी शहनाई
शामली। करीब नौ महीने बाद देवोत्थान एकादशी पर शादी की शहनाई बजी। अबूझ मुहूर्त होने के चलते इस दिन बड़ी संख्या में शादियां हुईं। शहर का कोई बैंक्वेट हॉल खाली नहीं था। यहां तक कि खुले मैदानों में भी टेंट लगाए गए थे। शहर में ही लगभग 60 से ज्यादा शादियां होने का अनुमान है। दिन के साथ ही रात में भी सड़कों पर बरात की चढ़त से काफी चहल-पहल रही। दिन में कई स्थानों पर जाम के हालात भी बने।
देवोत्थान एकादशी पर शादी के लिए शहर और आसपास के सभी बैंक्वेट हॉल बुक थे। दो-तीन दिनों से हलवाई लगे हुए थे और शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थी। बुधवार को दिन और रात में कई शादियां हुईं। कैराना रोड स्थित, माजरा रोड, मुजफ्फरनगर रोड समेत शहर में स्थिति बैंक्वेट में से किसी में दिन में तो किसी में रात की शादी रही। दिन में भी एसकेएस रोड, कैराना रोड और टंकी रोड पर बरात की चढ़त के दौरान जाम के हालात बने। रात होते ही बैंक्वेट हाल लाइटों से जगमगा उठे और जगह-जगह बरात की चढ़त शुरू हो गई। सबसे ज्यादा बैंक्वेट हाल कैराना रोड पर है। इसलिए इस रोड पर ही सबसे ज्यादा चहल-पहल रही।
बैंक्वेट हाल के बाहर वाहनों की पार्किंग से लगा जाम
कैराना रोड, टंकी रोड और शहर में स्थित अन्य बैंक्वेट हाल में से ज्यादातर के बाहर पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इसलिए चार पहिया एवं दुपहिया वाहनों को सड़कों के किनारे खड़ा कर दिया गया। इससे दिन में जाम की भी स्थिति बनी, लेकिन रात में सड़कों पर ट्रैफिक कम हो जाने से परेशानी नहीं हुई।
कोरोना के डर से बदला दिखा शादियों का माहौल
शामली। शादी की खुशियों पर कोराना का डर नजर आया। कुछ बैंक्वेट हाल में थर्मल स्कैनिंग एवं सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी तथा मेहमानों को मास्क भी दिए गए, लेकिन ज्यादातर में इस तरह के बंदोबस्त नहीं थे। अधिकांश बैंक्वेट हॉल में मेहमानों की संख्या कम ही नजर आई।
प्रशासन ने शादी समारोह में अधिकतम 100 लोगों को ही शामिल करने के लिए गाइड लाइन जारी की थी। इसका असर भी नजर आया। सामान्य शादी विवाह की तरह भीड़भाड़ नहीं जुटी। एमएस फार्म में मेहमानों को मास्क दिए जा रहे थे। इसके साथ ही हाथों को सैनिटाइज कराने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था। शिव शक्ति वाटिका एवं शौर्य पैलेस में भी सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी। मेहमानों के हाथों को सैनिटाइज करने के बाद ही अंदर जाने दिया गया। इनके अलावा भी अन्य बैंक्वेट हालों में मेहमानों की ज्यादा भीड़ नजर नहीं आई। ज्यादातर में 100 से 150 के बीच लोग दिखे। शादी कार्यक्रम में भोजन के समय सबसे ज्यादा भीड़ रहती है, लेकिन बुधवार को हुई शादियों में नजारा बदला दिखा। लोग थोड़ी-थोड़ी संख्या में पहुंचकर भोजन कर रहे थे।
शामली में बरात के लिए फूल विक्रेता की दुकान पर सजाई गई गाड़ी।- फोटो : SHAMLI
शामली में दिल्ली रोड पर चढ़त में शामिल महिलाएं और पुरुष डांस करते हुए।- फोटो : SHAMLI