शामली। सर्दी का मौसम लोगों के गले पर भारी पड़ रहा है। वायरल ठीक होने के बाद भी खांसी मरीजों को डेढ़ माह तक परेशान कर रही है। चिकित्सक परहेज करने की सलाह दे रहे हैं। कहा जा रहा है कि लोगों को लापरवाही भारी पड़ सकती है। ज्यादा ठंडी खट्टी चीजें खाने से मरीजों को परहेज करना है।
जिले में बढ़ रही ठंड के साथ गले में दुखन और खराश होने के कारण लोग परेशान हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना गला खराब होने के 150 मरीज आ रहे हैं। गले में संक्रमण के कारण लोग खांसी से परेशान है। जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. किशोर आहूजा का कहना है कि मरीजों की लापरवाही के कारण खांसी का संक्रमण डेढ़ माह तक भी ठीक नहीं हो रहा है।
इस मौसम में ठंडी व खट्टी चीजों का ज्यादा सेवन करने से गला खराब होने की संभावना रहती है। इसलिए लोगों को खानपान में सावधानी बरतने की जरूरत है। मरीज को गले में खराश, दुखन व खांसी आदि होती है तो चिकित्सक की सलाह से उपचार कराना चाहिए। इसके साथ ही लोगों को ठंड से बचाव करना चाहिए।
इस तरह से आ रहे केस
सीबी गुप्ता कॉलोनी के रहने वाले अमित ने बताया कि उसे डेढ़ माह पूर्व वायरल आया था। वायरल बुखार तो ठीक हो गया मगर सूखी खांसी अभी तक परेशान कर रही है। जिला अस्पताल में उपचार चल रहा मगर आराम नहीं लग पा रहा है।
काजीवाड़ा के रहने वाले जिशान ने बताया कि एक माह से वह खांसी से परेशान है। मगर उपचार के बावजूद आराम नहीं लग पा रहा है।
नियमित उपचार नहीं लेने के कारण खांसी नहीं हो पा रही ठीक
शामली। सीएमएस ने बताया कि एक से डेढ़ माह तक उन मरीजों को खांंसी की शिकायतें हैं जो वायरल से ठीक हुए। जिसका प्रमुख कारण मरीजों का नियमित रूप से उपचार नहीं लेना है। मरीज गर्म पानी का सेवन नहीं करते हैं, ठंडे पानी का सेवन करने लगते हैं। यही नहीं गर्म पानी की भाप और दवाई का सेवन भी बीच में ही छोड़ देते हैं, जिसके कारण खांसी ठीक नहीं होती। गले में इंफेक्शन के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है।
बचाव को यह करें
- ज्यादा ठंडा पानी या शीतल पेय न पीये।
- बासी भोजन का सेवन न करें।
- ताजा बना हल्का सुपाच्य भोजन करें।
- गर्मी व पसीने में हो तो कुछ देर बाद पानी पीएं।
- साफ-सफाई का ध्यान रखें।
- चिकित्सक की सलाह से ही दवा लें।