ट्रैक्टर के नीचे दबने से तीन की मौत
हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान अबरार पुत्र गुलजार, खालिद पुत्र गुलजार और फजरु पुत्र मामू के रूप में हुई है। अबरार और खालिद सगे भाई थे।
तीनों मृतक शामली के सोहजनी उमरपुर गांव के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर राहत-बचाव की कार्रवाई शुरू की गई।
घायलों को परिजन अपने क्षेत्र में लाए
हादसे में घायल दोनों लोगों को परिजन करनाल से रेफर कराकर अपने क्षेत्र में ले आए हैं। उनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर से सोहजनी उमरपुर गांव में मातम छा गया।
परिजन करनाल रवाना, घरों में मचा कोहराम
मृतक के चचेरे भाई नसीम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग करनाल के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि पांचों लोग हर रोज करनाल में तूड़ी लेने के लिए जाते थे। बुधवार को भी वे रोज की तरह ट्रैक्टर-ट्रॉली से तूड़ी लेने निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।