सहारनपुर के रामपुर मनिहारान के मोहल्ला इकराम निवासी ईंट भट्ठा मुनीम अशोक (55) की मंगलवार दोपहर शामली में इस्माइलपुर पुलिया के निकट नहर में ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। वह नहर की पटरी से ट्रैक्टर लेकर बड़गांव जा रहे थे। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया और अशोक उसके नीचे दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के भतीजे आशु ने बताया कि अशोक ईंट भट्ठे पर मुनीम का कार्य करते थे। मंगलवार को वह किसी काम से हसनपुर लुहारी आए थे। दोपहर करीब 12 बजे वह हसनपुर लुहारी की ओर से नहर की पटरी होते हुए ट्रैक्टर लेकर बड़गांव की ओर जा रहे थे। इस्माइलपुर पुलिया के निकट अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा।
हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नहर में उतरकर अशोक को बाहर निकाला, लेकिन उनकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद जेसीबी की मदद से नहर में पलटे ट्रैक्टर को भी निकाला गया। जांच अधिकारी बिजेंद्र सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
परिवार में एकमात्र कमाने वाले थे अशोक
अशोक ही परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे आशीष और अनुज तथा दो बेटियां आशु व सुधा हैं। अशोक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कमाने वाले सदस्य के चले जाने से परिवार के सामने अब दो वक्त की रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ये भी देखें...
शामली: 'एक कचौरी दो समोसा, ज्ञानेश तुम्हारा क्या भरोसा', तख्ती लेकर इकरा हसन का प्रदर्शन, ये बोलीं सपा सांसद