Dangerous Pitbull Dog: मोहल्ला रायजादगान निवासी राजीव शर्मा को एक माह पहले पागल पिटबुल ने काटा था। लोगों ने पिटबुल को छोड़ने वाले पर कार्रवाई की मांग की है।
पागल पिटबुल कुत्ते के काटने के बावजूद एक माह चार दिन तक सीरम की डोज नहीं लगवाई। नतीजन कस्बे के मोहल्ला रायजादगान के रहने वाले चाय विक्रेता राजीव शर्मा की दिल्ली के प्राइवेट अस्पताल में मंगलवार को मौत हो गई।
विज्ञापन
राजीव शर्मा (55) नगर के बुढ़ाना तिराहा पर चाय की स्टाल चलाते थे। भतीजे सिद्धार्थ ने बताया कि 16 मई को राजीव बाइक से दुकान बंद कर घर के लिए लौट रहे थे। इसी बीच हिंसक पागल पिटबुल कुत्ते ने उनके चेहरे पर हमला कर दिया था। चेहरा खून से लथपथ हो गया। इसके बाद परिजनों ने राजीव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराकर एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगवाए थे।
परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने सीरम की डोज लगवाने के लिए राजीव को दिल्ली रेफर कर दिया था। मगर परिजनों ने एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाकर सुरक्षित समझ लिया, सीरम की डोज नहीं लगवाई और सीधे घर ले गए। अब पांच दिन पूर्व तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें दिल्ली ले गए, लेकिन वहां से फायदा न मिलने पर अन्य प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन्फेक्शन पूरे शरीर में फैल चुका था।
दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान राजीव की मंगलवार को मौत हो गई। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का दाह संस्कार कर दिया। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है।
उधर, कांधला सीएचसी के डाक्टर वीरेंद्र ने बताया कि एंटी रैबीज की एक डोज तो सीएचसी में ही राजीव को लगाई गई थी, मगर परिजन बाकी दो इंजेक्शन लगवाने के लिए नहीं आए। हो सकता है इसी वजह से हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। जबकि तीन इंजेक्शन का कोर्स पूरा करना जरूरी होता है।
पिटबुल होता है खतरनाक, घर में न पालें
खतरनाक पिटबुल और अन्य नस्ल के कुत्तों को जिले में लोगों ने पाला हुआ है, जो उनके और आसपास रहने वालों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि पिटबुल को घरों में न पालें।
आखिर किसने छोड़ा था पागल पिटबुल, जांच होनी चाहिए
कांधला के लोगों का कहना है कि जिस चाय विक्रेता पर पिटबुल ने हमला किया, वह पिछले कुछ दिन से कस्बे में घूम रहा था। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि खतरनाक नस्ल होने के बावजूद पिटबुल को छोड़ने वाले लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। मामले को लेकर वह पुलिस से भी मिलेंगे।
सीरम की डोज लगाने की नहीं व्यवस्था
कुत्ते व बंदर यदि किसी मरीज को सिर, गर्दन या सीने पर काटकर गंभीर घायल कर देते हैं, तो उन्हें सीरम इंजेक्शन की जरूरत होती है। जिला अस्पताल व सीएचसी में सीरम उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को हायर सेंटर मेरठ या दिल्ली रेफर किया जाता है।
महिला पर पिटबुल से हमला कराया, दो भाइयों पर रिपोर्ट
गांव सुन्ना में नीर कश्यप और राहुल मलिक के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। गांव के नीर कश्यप ने बताया कि 15 दिन पूर्व वह अपनी भाभी के साथ खेत में जा रहा था। रास्ते में राहुल मलिक ने अपने भाई साहुल मलिक के साथ मिलकर नीर कश्यप को अपने घर में खींच लिया था।
नीर कश्यप की भाभी पूनम ने विरोध किया तो आरोप है कि राहुल मलिक ने अपना प्रतिबंधित पिटबुल कुत्ता नीर कश्यप और पूनम के ऊपर छोड़ दिया था। पिटबुल कुत्ते ने आठ माह की गर्भवती महिला पूनम को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। किसी तरह उसे बचाया गया था।
पीड़ितों ने एसपी शामली से मिलकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। एसपी ने थाना पुलिस को मामले मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे। पुलिस ने एसपी के आदेश पर दोनों सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी है।