शामली जिला पंचायत कार्यालय पर रात में ड्यूटी के दौरान पीआरडी के जवान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सुबह वह मृ़त अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। जवान की हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई गई है।
झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव पुरमाफी निवासी पीआरडी के जवान रामपाल (45) की आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में स्थित जिला पंचायत कार्यालय पर शनिवार रात को एक बजे से रविवार सुबह नौ बजे तक ड्यूटी थी। वह रात को ड्यूटी पर पहुंचा था, लेकिन रात में किसी समय उसकी मौत हो गई।
सुबह के समय वह मृत अवस्था में मिला। पीआरडी के जवान की मौत होने की सूचना पर आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव भटनागर ने बताया कि पीआरडी के जवान की ड्यूटी के दौरान मौत हुई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हार्ट अटैक से उसकी मौत होने की आशंका है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। इस संबंध में परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है।