गन्ना उत्पादन में पहले पायदान पर रहा शामली
शामली। जनपद शामली 990.64 क्विंटल प्रति हेक्टेयर गन्ने का उत्पादन कर प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। दूसरे नंबर पर मेरठ जनपद ने 910.04 क्विंटल तथा तीसरे नंबर पर रहे मुजफ्फरनगर ने 907.64 क्विंटल प्रति हेक्टेयर गन्ने का उत्पादन किया है।
जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि शामली जनपद ने पेराई सत्र 2017-18 में गन्ना उत्पादन का औसत 843.40 क्विंटल प्रति हेक्टेयर पाकर प्रथम स्थान पाया था। पेराई सत्र 2018-19 में औसत 929.40 क्विंटल रह गया था। इससे जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर चला गया था। 2019-20 में जनपद में गन्ना उत्पादन का औसत बढ़कर 962.12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर हो गया। इससे जनपद फिर से पहले स्थान पर आ गया। जून माह में पूरे हुए पेराई सत्र 2020-21 में जिला एक बार फिर सूबे में पहले नंबर पर रहा है। जिले में गन्ने के उत्पादन का औसत बढ़कर 990-64 क्विंटल प्रति हेक्टेयर पहुंच गया है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि गन्ना मंत्री सुरेश राणा एवं गन्ना आयुक्त संजय भूसरेड्डी के निर्देशन में गन्ना विभाग ने बेहतर काम किया है।