युवक से मारपीट और कार्यालय से घसीटते हुए बाहर फेंकने के मामले में पुलिस ने झिंझाना नगर पंचायत चेयरमैन के खिलाफ पीड़ित रिपोर्ट दर्ज की है।
10 अगस्त को कस्बे के मोहल्ला कापड़ियान निवासी प्रमोद कुमार पुत्र सेवाराम ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि वह शनिवार दोपहर नगर पंचायत कार्यालय में अपने राशन कार्ड के प्रपत्र पर मोहर लगवाने के लिए गया था। उस दौरान सुरेश पाल कश्यप ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चेयरमैन, सुनील कुमार तथा एक अज्ञात ने मारपीट की तथा सिर पर जूते चप्पल बजाए। आरोप था कि अध्यक्ष तथा उनके साथियों ने उसे कार्यालय से घसीटते हुए गेट के बाहर फेंक दिया। जिसमे पीड़ित को चोटें भी आई हैं। पुलिस ने जांच के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेशपाल कश्यप, सुनील तथा एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं चेयरमैन ने आरोप को बेबुनियाद बताया। कहा कि मैं उस समय बीच बचाव कराने के लिए गया था। कर्मचारियों से युवक की नोकझोंक हुई थी।