फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शामली: आज 15 स्थानों पर जलेगा रावण, चार जोन और 10 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था, जान लें रूट डायवर्जन प्लान

Tue, 20 Oct 2026 01:33 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, शामली

सार

दशहरा: जिले में पुलिस पुतलों के निर्माण स्थलों पर निगरानी रखेगी, ताकि उनमें विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल न हो। पुतलों की ऊंचाई और दहन स्थल की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। 900 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।
 
विज्ञापन
हसनपुर लुहारी में लक्ष्मण मूर्छा के बाद हनुमान मेघनाद युद्ध का मंचन करते कलाकार। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दशहरा पर्व मंगलवार को जिले में मनाया जाएगा। जिले में 15 स्थानों पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है। रामलीला स्थलों और पुतलों के दहन वाले स्थानों पर निगरानी के साथ आग से बचाव के इंतजाम किए जा रहे हैं।
विज्ञापन

 
Trending Videos

इन स्थानों पर होगा पुतलों का दहन
शामली कोतवाली क्षेत्र में दो, कैराना में तीन, कांधला में एक, झिंझाना में तीन, थानाभवन में तीन, गढ़ीपुख्ता में एक और बाबरी में दो स्थानों पर पुतलों का दहन किया जाएगा। इस तरह जिले में कुल 15 स्थानों पर रावण दहन होगा। दहन स्थलों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और निगरानी की व्यवस्था रहेगी। आग से बचाव के लिए दमकल की गाड़ियां तैनात रहेंगी।

पुतलों की तैयारी पर भी रहेगी नजर
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस पुतलों के निर्माण स्थलों पर निगरानी रखेगी, ताकि उनमें किसी तरह की विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल न हो। पुतलों की ऊंचाई और दहन स्थल की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। रामलीला स्थलों पर संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते की मदद ली जाएगी।
 

शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने पर्व के दौरान सतर्क रहने और ड्यूटी में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखने पर जोर रहेगा। शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील है कि वे निर्धारित स्थलों पर ही पहुंचें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
 

रहेगा रूट डायवर्जन
शामली में दशहरे पर सुबह से ही हनुमान धाम रोड और वर्मा मार्केट से बड़े वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा। इन वाहनों को नाला पटरी या मिल रोड से निकाला जाएगा। रेलवे रोड से भी वाहन बुढ़ाना रोड की ओर जा सकेंगे। कैराना और कांधला में भी दहन स्थलों के आसपास बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रावण दहन के बाद रात नौ बजे के बाद ही वाहनों का आवागमन शुरू हो सकेगा।
 

900 पुलिसकर्मी संभालेंगे दशहरा की सुरक्षा की कमान
दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले में रावण दहन और दशहरा मेले के आयोजन स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। एसपी ने बताया कि शामली समेत विभिन्न स्थानों पर 900 से अधिक पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
 

पहली बार हवा में तीर चलाते नजर आएंगे भगवान राम, नाभि में तीर लगते ही गिरेगा रावण
दशहरे पर शामली के हनुमान धाम में इस बार दर्शकों को अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। पहली बार भगवान राम हवा में तीर चलाते हुए रावण के पुतले पर निशाना साधते नजर आएंगे। तीर रावण की नाभि में लगते ही पुतले से अमृत जल की धारा निकलेगी और 51 फुट ऊंचा रावण धराशायी हो जाएगा। पुतले की आंखों की पुतलियां हिलेंगी और हाथ भी चलते नजर आएंगे।
हनुमान धाम के प्रधान सलिल द्विवेदी ने बताया कि रावण का पुतला पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक तकनीक के मेल से तैयार किया गया है। इसे बनाने में करीब 300 बांसों का इस्तेमाल हुआ है। बांसों की पतली खपच्चियों से ढांचा तैयार कर उसे आकार दिया गया। पुतले को सजाने में 80 किलोग्राम से अधिक कागज और करीब डेढ़ क्विंटल लेई का इस्तेमाल किया गया है। रावण के साथ 51 फुट ऊंचे कुंभकर्ण और भी 51 फुट ऊंचे मेघनाद के पुतले भी तैयार किए गए हैं। इस बार नया प्रयोग किया गया है। धाम की छत से रस्सी के सहारे राम इस बार रावण को तीर मारते नजर आएंगे, जिसकी तैयारी कर ली है।

कैराना में 35 फुट का रावण, कांधला में 55 फुट का
कैराना में प्राचीन देवी मंदिर तालाब पर 35 फुट ऊंचे रावण और 30-30 फुट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। कांधला के रामलीला मैदान में 55 फुट ऊंचे रावण का पुतला जलाया जाएगा। रामलीला प्रबंधक लोकेश गोयल उर्फ पिंटू सभासद ने इसकी जानकारी दी।

चौसाना, बाबरी और गढ़ी में भी होगा दहन
चौसाना में श्री शिव रामलीला ड्रामेटिक क्लब के प्रधान दिनेश कश्यप के अनुसार, यहां 20 फुट ऊंचे रावण का दहन होगा। बाबरी में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विवेक मित्तल ने बताया कि रावण का पुतला 32 फुट ऊंचा है। गढ़ी अब्दुल्ला खां में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश सैनी के अनुसार, 15 फुट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा।
 
विज्ञापन

मुस्लिम कारीगर बना रहे 55 फीट ऊंचा रावण
कांधला में दशहरे पर कैराना मार्ग स्थित रामलीला ग्राउंड में 55 फीट ऊंचे 10 मुंह वाले रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। बागपत के टटीरी निवासी मुस्लिम कारीगर मोहम्मद नदीम, नसीम, मोहम्मद सलाऊ और सलाम पुतला तैयार करने में जुटे हैं। नदीम ने बताया कि वह बचपन से रावण सहित अन्य पुतले बनाने का काम कर रहे हैं। उनके परिवार के बड़े-बुजुर्ग भी इस काम से जुड़े रहे हैं। दशहरे के लिए पुतले को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें