दीपावली पर बाजारों में नो-एंट्री, 112 पीआरवी करेंगी निगरानी
त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। एसपी के मुताबिक, बाजारों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित की गई है। दीपावली और अमावस्या के दौरान चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पिकेटिंग मजबूत की गई है।
जिले में 112 पीआरवी की 112 गाड़ियां लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। शाम के समय पुलिस की पैदल गश्त भी बढ़ाई गई है। सर्राफा बाजारों, ज्वेलरी शॉप और बैंकों के आसपास विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। एसपी ने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस की नजर जिले के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख बाजारों पर रहेगी।
हर थाने में मिशन शक्ति कक्ष, महिलाओं की शिकायतों पर 24 घंटे सुनवाई
एसपी ने बताया कि जिले में आने वाली कुल शिकायतों में करीब 44 प्रतिशत शिकायतें महिलाओं से संबंधित होती हैं। इनके त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति कक्ष स्थापित किया गया है। यहां महिला पुलिसकर्मियों की 24 घंटे तैनाती रहती है, ताकि महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया जा सके।
साइबर मित्र के जरिये जागरूकता, अनजान लिंक से बचने की सलाह
साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए जिले के सभी थानों में साइबर सेल और हेल्पडेस्क काम कर रहे हैं। गांवों में ग्राम प्रधानों के माध्यम से साइबर मित्र बनाए गए हैं। ये होर्डिंग और बैठकों के जरिये लोगों को साइबर ठगी के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
एसपी ने लोगों से अपील की कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, बैंक खाते से जुड़ा ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और अधिक मुनाफे का लालच देकर किए जाने वाले निवेश के झांसे में न आएं।
नशे की बिक्री की सूचना पुलिस को दें
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से अपील की कि यदि उनके घर या मोहल्ले में कोई व्यक्ति नशे की बिक्री करता है या इसका सेवन करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि परिवार का एक सदस्य भी नशे की गिरफ्त में आता है तो इसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है। सूचना मिलने पर नशे की सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।