मूल रूप से नौनांगली निवासी युवती का परिवार शामली के भैंसवाल रोड पर रहता है। परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह युवती की दादी उसे जगाने गईं, लेकिन वह नहीं उठी। इसके बाद घर पर चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि युवती की मौत स्वाभाविक थी। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को गांव नौनांगली ले जाया गया।
इसी दौरान पुलिस को फोन पर सूचना मिली कि युवती की हत्या कर दी गई है और परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान युवती के गले पर निशान मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच अधिकारी वीरेंद्र कसाना ने बताया कि पुलिस को एक युवक ने हत्या की सूचना दी थी। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।