शामली जनपद में चौसाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे और फिर उन्हें बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच बाइक और दो छूरे बरामद किए हैं।
विज्ञापन
शामली जनपद में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जिसको लेकर पुलिस भी सजग है। पुलिस काे शुक्रवार को ऐसे ही एक चोर गिरोह की जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस ने बल्ला माजरा के जंगल में बदमाशों की घेराबंदी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक बाइक बरामद की गई।
इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दूसरे चोर को भी दबोच लिया। पुलिस ने दूसरे चोर के पास से चार अन्य बाइकों को बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी हरियाणा और अन्य स्थानों से भी बाइक चोरी करते थे।
हरियाणा और शामली के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी ताहिर हरियाणा के करनाल का रहने वाला है, जबकि गुलबहार शामली के झिंझाना का रहने वाला है।