ओवरलोड वाहनों की मनमानी ने एक बार फिर लोगों को परेशानी में डाल दिया। शुक्रवार सुबह मेरठ-करनाल हाईवे पर बिडौली फ्लाईओवर के नीचे अधिक गन्ना लादे एक ट्रक के फंस जाने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
ट्रक चालक ने निर्धारित ऊंचाई सीमा की अनदेखी करते हुए ट्रक में जरूरत से ज्यादा गन्ना लाद रखा था। फ्लाईओवर के नीचे से गुजरते समय गन्ना बीम से टकरा गया और ट्रक वहीं अटककर रुक गया। इससे वाहन चालकों में खलबली मच गई।
जाम खोलने के लिए वाहनों को फ्लाईओवर के ऊपर से डायवर्ट किया गया, जिससे यातायात लंबे समय तक बाधित रहा। काफी मशक्कत और मशीनों की मदद से ट्रक को हटाने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका।
लोगों ने बताया कि ओवरलोडिंग की लापरवाही कोई नई बात नहीं है। पिछले वर्ष झिंझाना के ऊन रोड पर बलिया नर्सिंग होम के सामने गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक पलट गया था, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी और कई गंभीर रूप से घायल हुए थे।
ग्रामीण समीर, मुनीर और सोनू ने चेतावनी दी कि यदि परिवहन विभाग ने अब भी ध्यान नहीं दिया, तो किसी बड़ी दुर्घटना को रोका नहीं जा सकेगा। लोगों ने ओवरलोड वाहनों पर तत्काल रोक और नियमित चेकिंग की मांग की है, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।