पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोन। पुलिस
शामली। खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद पूरी तरह छोड़ चुके 124 लोगों के लिए रविवार का दिन किसी बड़ी सौगात से कम नहीं रहा। शामली पुलिस ने सर्विलांस सेल और सीईआईआर पोर्टल की मदद से करीब 25 लाख रुपये कीमत के 124 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ने लोगों को उनके फोन सुपुर्द किए। महीनों बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर शहर के काजीवाड़ा निवासी राशिद और रेलपार निवासी रामबीर समेत सभी लोगों के चेहरे खिल उठे। राशिद ने कहा कि उन्होंने फोन मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस ने बड़ी राहत दी है। वहीं, रामबीर ने कहा कि अपना मोबाइल दोबारा पाकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है।
सीईआईआर पोर्टल की मदद से मिली कामयाबी
एसपी एनपी सिंह ने सर्विलांस सेल और सभी थानों में सीईआईआर पोर्टल पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को गुम मोबाइलों की जल्द बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने लगातार तकनीकी छानबीन करते हुए विभिन्न कंपनियों के 124 फोन ट्रैक कर बरामद किए। इस पूरी कार्रवाई में सर्विलांस सेल की भूमिका बेहद अहम रही।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत दर्ज कराएं शिकायत
एसपी ने कहा कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं, बल्कि बिना देरी किए नजदीकी थाने में सूचना दें या सीईआईआर पोर्टल पर खरीद रसीद, पहचान पत्र और जरूरी विवरण के साथ ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत दर्ज होने के बाद आवेदक को एक रिक्वेस्ट नंबर मिलता है। जैसे ही गुम हुए फोन में कोई नया सिम डलता है, पुलिस लोकेशन के आधार पर उसे ट्रैक कर बरामद कर लेती है।