शामली। शहर के मोहल्ला पंसारियान निवासी शाहिद के मोबाइल फोन को हैक कर साइबर ठग ने गूगल पे के माध्यम से बैंक खाते से 1,99,452 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शाहिद ने साइबर क्राइम थाने पर दी तहरीर में बताया कि उनका गूगल पे खाता शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते से जुड़ा है। आरोप है कि 24 सितंबर को दोपहर करीब 2:55 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति या सॉफ्टवेयर ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके तुरंत बाद उनकी अनुमति के बिना खाते से 1,99,452 रुपये की निकाल लिए गए। इसकी जानकारी मिलने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की। जांच अधिकारी साइबर क्राइम थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
साइबर ठगी से इस तरह करें बचाव
- मोबाइल फोन पर आए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
- एटीएम या यूपीआई से संबंधित ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।- किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में एप इंस्टॉल न करें।- किसी अनजान व्यक्ति को मोबाइल फोन की स्क्रीन देखने या नियंत्रित करने की अनुमति न दें।
- बैंक अधिकारी, पुलिस या सरकारी कर्मचारी बनकर फोन करने वालों को निजी जानकारी न दें।
- मोबाइल और बैंकिंग एप में मजबूत पासवर्ड तथा स्क्रीन लॉक का इस्तेमाल करें।
- खाते में होने वाले लेन-देन के एसएमएस अलर्ट सक्रिय रखें।
- साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।