शामली। कंडेला औद्योगिक क्षेत्र के पानी की निकासी के लिए दो करोड़ 85 लाख रुपये की धनराशि शासन से अवमुक्त होने के बाद नए नाले का निर्माण शुरू होगा। 3.5 किमी लंबाई का औद्योगिक नाला बन जाने के बाद औद्योगिक इकाई को पानी की निकासी से निजात मिलेगी।
कंडेला औद्योगिक क्षेत्र का पुराना नाला चोक हो जाने से आए दिन औद्योगिक इकाइयों में जलभराव रहता है। जिले के उद्यमी कई बार जिला उद्योग बंधु की बैठक में औद्योगिक नाले की सफाई और और कंडेला औद्योगिक क्षेत्र से ऐरटी, अलीपुर और मामौर झील तक नया औद्योगिक नाले की निर्माण की मांग कर चुके है। पूर्वी यमुना नहर खंड की ओर से दो करोड़ 85 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया था। उद्यमियों के अनुरोध पर तत्कालीन डीएम अरविंद कुमार चौहान ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के द्वारा नाला का एस्टीमेट भिजवाकर शासन से धनराशि अवमुक्त कराने का अनुरोध किया था। साइमा के अध्यक्ष एवं लघु उद्योग भारती के मंडल अध्यक्ष अंकित गोयल ने बताया कि कंडेला औद्योगिक नाले के निर्माण के लिए मंडलायुक्त डॉक्टर रुपेश कुमार ने शासन को धनराशि अवमुक्त करने का अनुरोध किया है।