बिडौली। मेरठ-करनाल हाईवे पर पटनी परतापुर टोल प्लाजा से रोजाना करीब आठ हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। वाहन चालकों से टोल टैक्स की वसूली नियमित हो रही है, लेकिन सुरक्षित सफर के लिए जरूरी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। टोल प्लाजा के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था बदहाल है। रात होते ही कई हिस्से अंधेरे में डूब जाते हैं। कहीं लाइटें बंद पड़ी हैं तो कहीं दिन में जलती दिखाई देती हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार टोल अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। हाईवे पर अंधेरे के कारण सड़क किनारे खड़े वाहन और अन्य अवरोध दिखाई नहीं देते। इससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है और हादसों का खतरा बना रहता है।
यह बोले लोग
रोहित बालियान ने कहा कि टोल टैक्स नियमित वसूला जाता है, लेकिन रात में हाईवे पर कई जगह अंधेरा रहता है।
फूल कुमार ने कहा कि पटनी परतापुर टोल देने के बाद सुरक्षित सफर की सुविधा भी मिलनी चाहिए। लाइटें नियमित जलनी चाहिए।
प्रदीप कुमार ने कहा कि रात में लाइटें बंद और दिन में जलती दिखाई देती हैं। इनकी निगरानी होनी चाहिए।
सुरेंद्र सरोहा ने कहा कि कई बार शिकायत की, लेकिन सुधार नहीं हुआ। दोनों ओर एक-एक किलोमीटर तक लाइटें नियमित जलवाई जाएं।
हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटों में वायरिंग की समस्या है। वायरिंग को दुरुस्त कराया जा रहा है। जल्द ही सभी लाइटों को चालू करा दिया जाएगा। - संदीप कुमार, मैनेजर पटनी परतापुर टोल