मेरी आवाज सुनोकांधला में शिव मंदिर के पास लगा गंदगी का ढेर।
कांधला। कस्बे में हर माह सफाई व्यवस्था पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद विभिन्न स्थानों पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। सबसे अधिक परेशानी पूर्वी यमुना नहर पटरी स्थित शिव मंदिर के सामने है। लोगों का कहना है कि मंदिर के सामने गंदगी और कूड़े के ढेर लगे होने से न केवल श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैलने से मंदिर परिसर में बैठना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि कई बार पालिका प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
बोले लोग
संजीव आडवाणी ने कहा कि मंदिर परिसर के सामने गंदगी रहती है। यहां प्रतिदिन शाम को गंगा आरती होती है। पालिका प्रशासन को इस पर तत्काल संज्ञान लेना चाहिए।
सौरभ खैवाल ने कहा कि सावन मास में मंदिर परिसर में विशाल कांवड़ शिविर लगता है। ऐसे में यहां गंदगी का होना उचित नहीं है।
मंदिर के पुजारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि मंदिर के सामने गंदगी की शिकायत पहले भी पालिका प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
सचिन गोयल ने कहा कि धार्मिक स्थल के सामने नगर पालिका द्वारा कूड़ा डाला जाना लोगों में रोष का कारण है। पालिका प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।
संबंधित स्थल पर नियमित रूप से सफाई कराई जाती है। आसपास के कुछ दुकानदार वहां कूड़ा डाल देते हैं। वहां सफाई के लिए पालिका का एक कर्मचारी भी तैनात किया गया है। फिलहाल उक्त स्थल की सफाई करा दी गई है। आगे यदि कोई दुकानदार वहां कूड़ा डालता मिला तो उसके खिलाफ नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी। नजमुल इस्लाम, अध्यक्ष, नगर पंचायत