शामली। ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर साइबर ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए बलविंद्र ने उत्तराखंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के लोगों से साइबर ठगी की थी। आरोपी ने अपने बैंक खाते से आरटीजीएस के माध्यम से साइबर ठगी के करीब 11 लाख रुपये मंगाए थे।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शनिवार को साइबर ठगी करने के आरोप में खाताधारक बलविंद्र सिंह निवासी भारत सेवक नगर यमुना नगर हरियाणा को गिरफ्तार किया था। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि बलविंद्र सिंह के बैंक खाते की जांच में सामने आया कि दो सितंबर 2025 को दस बार में आरटीजीएस के माध्यम से करीब 11 लाख रुपये उसके खाते में क्रेडिट हुए। उसी दिन आरोपी बलविंद्र सिंह ने तीन चेक के द्वारा साढ़े नौ लाख रुपये निकाल लिए थे।
आरोपी को डर था कि कहीं साइबर ठगी का पता चलने पर रकम होल्ड न हो जाए। एसपी के मुताबिक बलविंद्र के बैंक खाते को एनसीआरपी पोर्टल और समन्वय पोर्टल पर चेक किया गया तो उसके खाते पर तेलंगाना से दो, महाराष्ट्र, उत्तराखंड व छत्तीसगढ़ से एक-एक शिकायतें की गई थी।
साइबर ठगी का नेटवर्क इन राज्यों से चलाया जा रहा था और वहां के लोगों से इन्वेस्टमेंट के नाम पर साइबर ठगी की गई थी।