दे पटखनी...मंसूरा गांव में दंगल में दम दिखाते पहलवान। संवाद
झिंझाना (शामली)। गांव मंसूरा में शहीद हवलदार रुपेंद्र तोमर की स्मृति में पैंथर स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित दंगल में आसपास के जनपद व राज्य के पहलवानों ने दम दिखाया। दंगल की सबसे बड़ी 51 हजार रुपये की इनामी कुश्ती कैराना के अस्मीर पहलवान और झज्जर (हरियाणा) के राहुल पहलवान के बीच हुई। रोमांचक मुकाबले में अस्मीर ने राहुल को हराकर खिताब अपने नाम किया।
इसके अलावा 31 हजार रुपये की कुश्ती में मंसूरा के साबिर पहलवान ने पंजाब के गुरदासपुर निवासी हैप्पी पहलवान को पराजित किया।
21 हजार रुपये की कुश्ती में महाराष्ट्र केसरी अखाड़े के अतुल ने रोहतक के गौरव को चित किया। वहीं 11 हजार रुपये की इनामी कुश्ती में कैराना के जुनेद ने मेरठ के विशाल को हराया। दंगल में मेरठ की महिला पहलवान काजल ने सोनीपत के मोनू पहलवान को पराजित कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
महिला पहलवान का मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में कैराना विधायक नाहिद हसन, विजय कौशिक, अश्वनी शर्मा, नवाजिश आलम और पूर्व चेयरमैन नौशाद कुरैशी ने विजेता पहलवानों को इनाम देकर उत्साहवर्धन किया।
संयोजक मुक्खा पहलवान ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार जताया। संचालन सिमरनजीत सिंह चीमा ने किया, जबकि अंतरराष्ट्रीय पहलवान लाड़ी ने रेफरी की भूमिका निभाई।