शामली। गांव खेड़ीखुशनाम निवासी युवक से ऑनलाइन गेम खेलकर रुपये कमाने का झांसा देकर 60 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव खेड़ी खुशनाम निवासी किसान कुलदीप सिंह ने बताया कि उसे शुरूआत में टेलीग्राम के माध्यम से लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक किया तो उसे गेम खेलकर पैसे कमाने का लालच दिया गया। उसने पैसे डालकर गेम खेलना शुरू किया। वह यूपीआई के माध्यम से पैसे अलग-अलग खातों में भेजता रहा। कुछ समय तक वह उनके बताए गेम में उलझता चला गया। उसने अपने रुपये वापस मांगे तो इसके लिए और रुपये भेजने को कहा।
इस तरह वह रुपयों की रिकवरी के लिए अधिक रुपये डालने लगा। उसने अपने पिता का खेती का कमाया पैसे, ज्वैलरी लोन, पर्सनल लोन और परिचितों से रुपये लेकर साइबर ठगों के बताए हुए खातों में भेजता रहा। पीड़ित ने बताया कि इस प्रकार से उसके 60 लाख रुपये चले गए। रकम ठगे जाने के बाद से वह मानसिक और आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है और उसका उपचार मनोचिकित्सक मेरठ व करनाल में इलाज चल रहा है। पीड़ित ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही गिरोह का खुलासा कर दिया जाएगा। थाना पुलिस को भी जांच सौंपी गई है।
जिले में चार करोड़ रुपये से ज्यादा की हो चुकी साइबर ठगी : जिले के लोगों से साइबर ठगी के मामले में लगातार सामने आ रहे हैं। पिछले वर्ष 2025 से लेकर अब तक करीब चार करोड़ रुपये से ज्यादा की साइबर ठगी हो चुकी है। साइबर ठगी के जिले के थानों व साइबर क्राइम थाने पर 60 से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस इनमें से करीब दो करोड़ रुपये पीड़ितों को वापस कराने या बैंक खातों में होल्ड करा पाई है।
ठगी से ऐसे करें बचाव
n
अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
n
अनजान कॉल पर विश्वास न करें।
n
डॉट एपीके फाइल पर क्लिक से बचे।
n
किसी भी अनजान व्यक्ति का ओटीपी या निजी जानकारी शेयर न करें।
n
ऑनलाइन गेम, लाटरी निकलने, निवेश कर मुनाफा कमाने के लालच में न फंसे।
n
साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक रहें।
n
ठगी होने पर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।