भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के बयान के बाद शुक्रवार को उनके भाई राकेश टिकैत ने भी सलमान खान को बिश्नोई, हिंदू समाज और देश से माफी मांगने की बात कही।
कार्यक्रम में राकेश टिकैत और मंचासीन अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में प्रेस वार्ता के दौरान भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि बिश्नोई समाज काले हिरण से बहुत प्यार करता है। सलमान खान को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इसके बाद ही उन्हें देश माफ करेगा। वहीं, केंद्र सरकार को कहा कि यह व्यापारियों का गैंग है, वह ऐसे फैसले ले रहे हैं, जिससे बड़े व्यापारियों को लाभ हो।
भाज्जू कट से क्षेत्र के लोगों को मिलेगा लाभ
भाकियू के शिक्षक प्रकोष्ठ का गठन के लिए शामली पहुंचे राकेश टिकैत ने प्रेसवार्ता में कहा कि अगर भाज्जू कट मिलता है तो क्षेत्र के लोगों को बहुत लाभ मिलेगा। उद्योग धंधे विकसित होंगे और लोगों को रोजगार मिलेगा।
बगैर पराली चावल कैसे पैदा होगा, सरकार बताए टेक्नोलॉजी
उन्होंने कहा कि 26 अक्तूबर को पंजाब के किसानों ने पराली को लेकर बंद का आह्वान किया है। सरकार पराली पर रोक लगा रही है। मांग करते हैं कि बगैर पराली के चावल कैसे पैदा होगा। हमें सरकार टेक्नॉलोजी बता दे। पराली का निस्तारण सरकार को करना चाहिए। यदि कोई किसान पराली को जला भी लेता है, तो प्रदूषण होता है। मगर इसका उपाय सरकार बताए, किसान नहीं। हम उस पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि धान कम रेट में बिक रहा है, रेट बढ़ने चाहिए। भाज्जू कट को लेकर कहा कि जिलाधिकारी किसानों की बात सरकार तक पहुंचा दें। जब कट से लोग उतरेंगे, तो यहां उद्योग धंधे विकसित होंगे और क्षेत्र का विकास होगा।