थानाभवन क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने पुलिस को शिकायत करते हुए बताया कि उसकी शादी सहारनपुर के हसनपुर निवासी युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि पति का जेठानी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसने दोनों को पकड़ लिया। विरोध करने पर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। ससुरालियों ने भी दहेज की मांग की। पीड़िता की शिकायत पर पांच के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
देवर ने की छेड़छाड़, पति ने फोन पर दिया तीन तलाक
कांधला क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी तीन साल पहले एक गांव निवासी व्यक्ति से हुई थी। उसका पति वेल्डिंग का काम करता है और अधिकतर समय बाहर रहता है। महिला के अनुसार, उसका देवर एक दिन कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर ले आया। उसे पिलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने इसका विरोध किया, तो जान से मारने की धमकी दी गई।
जब पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी फोन पर अपने पति को दी, तो पति ने उसे समर्थन देने की बजाय फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। इसके बाद देवर और अन्य परिजनों ने मिलकर महिला को घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति और देवर वसीम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ अश्लील हरकत का प्रयास
थानाभवन क्षेत्र के एक गांव में मंदिर से प्रसाद लेने गई मंदबुद्धि युवती के साथ गांव के ही युवक द्वारा अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, गांव निवासी राहुल शर्मा पहले युवती को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया, जहां उसके साथ अश्लील हरकत कर गलत काम करने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी के कदमों की आहट सुनकर आरोपी मौके से भाग गया। युवती ने घर पहुंच कर इशारे से अपनी माता को उक्त घटना के संबंध में बताया । सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की मां की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया।