कांधला के मोहल्ला खाखरोबान के रहने वाले 18 वर्षीय राज मिस्त्री अमन की सोमवार की रात खंद्रावली पुलिस चौकी के निकट चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। अमन सोमवार रात कस्बे में ही चल रहे मेले में दोस्तों के साथ गया था। रात करीब 1 बजे सिंभालका बलवा बाईपास के पास घायलावस्था में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चाकू से वार किए गए थे। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया, जहां उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विलाप करती युवक की मां।
- फोटो : अमर उजाला
नगर के मोहल्ला खाखरोबान निवासी असलम ने शामली कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि वह कस्बे में ही फूल बेचकर परिवार का पालन पोषण करता है। उसका बेटा अमन राजमिस्त्री था। सोमवार शाम 7 बजे कस्बे में ही मेला देखने गया था। बेटे को घर से उसका दोस्त बुटराडा निवासी अदनान और मुजफ्फरनगर के चरथावल निवासी साहिल कार में बैठाकर ले गए। बलवा चौराहे के पास अमन की छाती में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल कर मरणासन्न अवस्था में दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर बलवा बाईपास के निकट फेंककर फरार हो गए।
जाम लगाकर विलाप करते अमन के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
अमन को सड़क पर पड़ा देखकर राहगीरों ने डायल 112 पर सूचना दी। मेरठ के अस्पताल में अमन ने दम तोड़ दिया। पिता असलम का आरोप है कि दोस्तों ने ही अमन की हत्या की है। पुलिस का कहना है कि अमन के दोस्त अदनान, साहिल और एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मिलनसार था अमन
कस्बे के लोगों ने बताया कि अमन मिलनसार था और वह हर किसी से प्यार के साथ रहता था। वह अक्सर दोस्तों के साथ घूमने के लिए चला जाता था।
युवती से बात करने से क्षुब्ध होकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, अभी तक की जांच में पता चला है कि अदनान ने पास के ही गांव की एक युवती से शादी कर ली थी। अदनाम को शक था कि अमन युवती से फोन पर बात करता है। इसी शक के आधार पर अमन की चाकू से गोदकर हत्या की आशंका है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। एएसपी संतोष कुमार का कहना है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया था, जिसे हत्या में तरमीम किया जाएगा।