कसेरवा खुर्द गांव में करंट लगने से सास-बहू की दर्दनाक मौत। रात में बल्ब बंद करते समय हुआ हादसा, सुबह घर में मिले दोनों के शव। पुलिस मौके पर पहुंची, परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार किया।
शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा खुर्द में शुक्रवार रात करंट लगने से सास और बहू की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब घर में बल्ब बंद करने के दौरान दोनों बिजली की चपेट में आ गईं। शनिवार सुबह दोनों के शव घर के अंदर पड़े मिले।
विज्ञापन
सुबह घेर से लौटे पति ने देखा मंजर
गांव निवासी रोजूदीन शुक्रवार रात रोज की तरह घेर में सोने चले गए थे। घर में उनकी 85 वर्षीय मां बतूर, 45 वर्षीय पत्नी खुशनुमा और बच्चे मौजूद थे। बच्चे ऊपर कमरे में सो रहे थे, जबकि सास और बहू नीचे कमरे में थीं। शनिवार सुबह करीब पांच बजे रोजूदीन घर पहुंचे तो उन्होंने मां और पत्नी को मृत अवस्था में एक-दूसरे के पास पड़ा देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
बचाने के प्रयास में गई दूसरी जान
परिजनों का अनुमान है कि पहले बुजुर्ग बतूर को बल्ब बंद करते समय करंट लगा होगा। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पुत्रवधू खुशनुमा भी बिजली की चपेट में आ गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हालांकि परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मामले को दर्ज कर लिया है।