शामली जिले में महिला सुरक्षा को लेकर एक और चिंताजनक मामला सामने आया है। सिंभालका बाईपास पर मंगलवार रात टैंपो से घर लौट रही एक महिला और उसकी बेटी से छेड़छाड़ और मारपीट की गई।
घटना उस समय हुई जब मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र की रहने वाली महिला अपनी बेटी और भाई के साथ पानीपत (हरियाणा) से टैंपो बुक कराकर घर लौट रही थी।
महिला ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि जब उनका टैंपो शामली में सिंभालका बाईपास पर पहुंचा, तभी बिना नंबर की बाइक और एक गाड़ी में सवार तीन युवकों ने पीछा करते हुए टैंपो को रुकवाया।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 3 जुलाई को आपके शहर में क्या हुआ
इसके बाद महिला और उसकी बेटी से छेड़छाड़ शुरू कर दी गई। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने मारपीट भी की और मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर बिना नंबर की बाइक को बरामद कर लिया है। साथ ही गांव सिलावर निवासी दो युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाएगी।