आरोपी नोमान का सोशल मीडिया प्रोफाइल पर लगा फोटो व गिरफ्तारी के बाद की तस्वीर
- फोटो : संवाद
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के मामले में पकड़े गए कैराना निवासी नोमान इलाही की पुलिस कस्टडी रिमांड अवधि शनिवार को पूरी होगी। रिमांड अवधि पूरी होने से पहले पानीपत पुलिस उसे न्यायालय में पेश करेगी। उधर, खुफिया विभाग की टीमें पाकिस्तान में बैठे इकबाल काना के गुर्गों की तलाश में जुटी हैं।
हरियाणा के पानीपत की सीआईए फर्स्ट की टीम ने कैराना निवासी नोमान इलाही को 13 मई को गिरफ्तार किया था। उस पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है। पुलिस की पूछताछ में उसका संपर्क पाकिस्तान में रहकर आईएसआई गतिविधियों का संचालन करने वाले कैराना के मूल निवासी इकबाल काना से होना बताया गया है। पानीपत पुलिस ने नोमान को 14 मई को न्यायालय में पेश किया था।
न्यायालय ने सात दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड स्वीकृत किया था। पानीपत पुलिस नोमान को लेकर दो बार कैराना आ चुकी है। रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस ने 20 मई को नोमान को न्यायालय में पेश कर रिमांड अवधि बढ़ाए जाने के लिए प्रत्यावेदन किया था। न्यायालय से चार दिन का रिमांड और स्वीकृत किया था। रिमांड अवधि शनिवार को पूरी हो जाएगी।
रिमांड अवधि पूरी होने से पहले पुलिस नोमान को न्यायालय में पेश करेगी। उधर, नोमान के पकड़े जाने के बाद जांच एजेंसियां भी सक्रिय बनी हुई है। खुफिया टीमें इकबाल काना के संपर्क में रहने वाले उसके गुर्गों की तलाश में जुटी है।