जलालाबाद कस्बे के मोहल्ला आर्य नगर में आवारा कुत्तों के झुंड ने तीन साल की जूबी पर हमला कर दिया। उसके सिर को अपने जबड़ों में दबाकर खींचकर ले गए। चीख सुनकर दौड़े लोगों ने कुत्तों को भगाया और बच्ची को अस्पताल ले गए। उसके सिर में 20 टांके लगे हैं। गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया है।
मोहल्ला आर्य नगर के रहने वाले इमरान ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर के समय उसकी तीन साल की बेटी जूबी जैन मंदिर के निकट चबूतरे पर बैठी थी। उसी वक्त मोहल्ले के ही आवारा कुत्तों का झुंड पहुंचा और मासूम के सिर को अपने जबड़े में दबाकर खींचकर ले गया। कुछ दूरी पर ले जाकर बच्ची को बुरी तरह से नोच दिया। बच्ची की चीख सुनकर परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर दौड़े। किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्ची को छुड़ाया गया।
खून से लथपथ बच्ची को थानाभवन सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसके सिर में 20 टांके आए हैं। सीएचसी के डाक्टरों का कहना है कि बच्ची को दिल्ली रेफर कर दिया गया। उधर , आवारा कुत्तों पर अंकुश नहीं लगाने के विरोध में लोगों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि नगर पंचायत आवारा कुत्तों से निजात नहीं दिला पा रही है। आए दिन कुत्ते लोगों पर हमला कर रहे हैं। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि सभी सीएचसी में एंटी रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध है।
यह भी देखें...
सौरभ हत्याकांड: सिलाई कर रही मुस्कान, साहिल कर रहा खेती, जानें जेल में कमाए रुपयों से क्या करेंगे दोनों
बच्चों के घर से बाहर निकलने पर लगाई पाबंदी
घटना के बाद से थानाभवन कस्बे में लोगों में दहशत है। अभिभावकों ने बच्चों को घर से बाहर निकालना भी बंद कर दिया है। लोगों का कहना है कि मामले को लेकर वह नगर पंचायत और प्रशासन के अधिकारियों से भी मिलेंगे।