पैसेंजर ट्रेन संख्या 64021 शनिवार शाम सात बजे दिल्ली से शामली के लिए रवाना हुई। इस ट्रेन का शामली पहुंचने का समय 9.55 बजे निर्धारित है। यह ट्रेन रात में 8.55 बजे जिला बागपत के अलावलपुर ईदरीशपुर हॉल्ट पर पहुंची। सिग्नल डाउन होने के बाद भी जब ट्रेन रवाना नहीं हुई तो यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
इस दौरान कुछ यात्रियों ने केबिन में गार्ड को फर्श पर बैठे हुए पाया। यात्रियों का आरोप है कि गार्ड शराब के नशे की हालत में था। इस दौरान किसी यात्री ने अपने मोबाइल फोन से गार्ड का केबिन में फर्श पर बैठे हुए वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में उनके बैठने वाली सीट के सामने एक बोतल रखी दिखाई दे रही है। यात्रियों से बात करते हुए गार्ड की जुबान लड़खड़ा रही थी और वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है। यात्रियों ने इसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी। इसके बाद ट्रेन को बड़ौत स्टेशन तक लाया गया।
ईदरीशपुर हॉल्ट पर यह ट्रेन आठ मिनट रुकी रही। वहां से उनके स्थान पर दूसरे कर्मचारी को नियुक्त किया और ट्रेन को शामली लाया गया। शामली स्टेशन पर यह ट्रेन निर्धारित समय से 27 मिनट देरी से 10.17 बजे पहुंची। शामली पहुंचने पर ट्रेन के गार्ड का अधिकारियों और आरपीएफ ने मेडिकल परीक्षण कराया। गार्ड का नाम सुभाष चंद बताया गया है।
मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि गार्ड नशे में था या फिर तबियत खराब होने के कारण से वह अपने केबिन में फर्श पर बैठा था। स्थानीय रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गार्ड की ड्यूटी दिल्ली मुख्यालय से लगाई जाती है। दिल्ली मुख्यालय पर मेडिकल रिपोर्ट जाएगी। मुख्यालय स्तर से ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। उधर, चर्चा है कि गार्ड को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है, हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।