Delhi-Dehradun Expressway: भारत माला योजना के तहत बना दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ेगा। 15 जनवरी से इसे जनता के लिए ट्रायल के तौर खोल दिया जाएगा। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधिवत लोकार्पण करेंगे।
दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा होने को है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि नए साल में आगामी 15 जनवरी तक इसे आम जनता के लिए ट्रायल के रूप में खोल दिया जाएगा। ट्रायल से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) नई दिल्ली के अधिकारियों द्वारा दिल्ली से देहरादून तक पूरे मार्ग का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया जाएगा।
विज्ञापन
भारत माला योजना के तहत दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के लिए करीब पांच वर्ष पहले अधिसूचना जारी कर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर जिलों को जोड़ने वाला यह एक्सप्रेसवे हाईवे व एक्सप्रेसवे मार्गों की बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने वाला एक महत्वपूर्ण आर्थिक गलियारा है।
एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने का दावा विभागीय अधिकारी कर रहे हैं। यह अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसमें पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और सौर ऊर्जा से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की गई है, जिससे सुरक्षा के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत इकाई की निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र बालियान ने बताया कि 31 दिसंबर तक शामली जिले के मेरठ–करनाल हाईवे के लिंक से लेकर बागपत जिले के लोहड्डा गांव तक दूसरे चरण का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा
वहीं, एनएचएआई बागपत के साइट इंजीनियर राजन पांडे ने बताया कि एक से 15 जनवरी तक दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे को आम जनता के लिए ट्रायल के तौर पर खोला जाएगा। ट्रायल अवधि के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित कराया जाएगा।