शामली। प्रदेश के गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि भाजपा की योजनाओं में किसान और मजदूरों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। शामली जिले में रोजगार को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना पर विचार चल रहा है तथा गुड़ कारोबार को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
बुधवार को शामली के भैंसवाल रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी स्थल पर फसली ऋण माफी योजना के तहत प्रमाण पत्र वितरण समारोह हुआ। मुख्य अतिथि गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान 4860 किसानों को 31 करोड़ 19 लाख 91 हजार 171 रुपये ऋण माफी के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
सुरेश राणा ने कहा कि गुड़ और चीनी के दाम एक होने से गुड़ की रिकवरी 16 प्रतिशत तक है। प्रदेश सरकार गुड़ उद्योग को बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि जिले में 100 सड़कों की स्वीकृति मिली है। शीघ्र ही लोक निर्माण विभाग, गन्ना विभाग, मंडी परिषद से सड़कों का निर्माण शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शामली शहर में जाम से मुक्ति के लिए मेरठ-करनाल मार्ग को जोड़ने वाली गोहरनी-रेलपार राजवाहा पटर मार्ग का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के लिए जिले वीआईपी होते थे, लेकिन भाजपा के लिए तो सिर्फ किसान और मजदूर ही वीआईपी हैं। डार्क जोन में नलकूप कनेक्शन जारी कराने की मंजूरी से लाखों किसानों को लाभ मिलेगा।
इस मौके पर सीडीओ रेणु तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा, एसडीएम सुरजीत सिंह, सीओ अशोक कुमार सिंह, एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य, तहसीलदार राकेश कुमार त्यागी, जिला कृषि अधिकारी हरिशंकर, सिल्वर बेल्स स्कूल के चेयरमैन अजय संगल, भाजपा नेता अश्वनी पंवार आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय सिंह पथिक राजकीय महाविद्यालय के प्रवक्ता अजय बाबू शर्मा ने किया।
पांच सड़कों का किया शिलान्यास
गढ़ीपुख्ता। नगर पंचायत परिसर में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री सुरेश राणा ने पांच सड़कों का शिलान्यास किया। इसके साथ प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का बखान किया।
बुधवार को नगर पंचायत परिसर में राज्यमंत्री सुरेश राणा ने मोहल्ला चौधरान व जैनपुरी में पांच सड़कों का शिलान्यास किया। उन्होंने एक जेसीबी मशीन, 3000 लीटर का स्टील वाटर टैंक, 50 डस्टबिन, 26 कूड़ेदान खरीदने का प्रस्ताव पास किया। कहा कि योगी सरकार जाति भेदभाव से मुक्त है जो कार्य होगा सभी के लिए होगा। वहीं सर्व हितकारी कन्या इंटर में पांच कंप्यूटर देने की घोषणा की। समारोह का संचालन नीरज जैन ने किया।
वहीं गढ़ीपुख्ता शामली मार्ग से ऊन मार्ग व सहारनपुर मार्ग तक रोडवेज बसों के चलाने के लिए लोगों ने मांग रखी। उन्हाेंने जनसमस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
नगर पंचायत वासियों ने कुत्तों के टीके एवं अस्पताल में डॉक्टर बढ़ाने की भी मांग रखी। कार्यकर्ताओं ने उनका फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य, ईओ रवि यादव, राजीव तोमर, राजेंद्र शर्मा, नरोत्तम गर्ग, टेकचंद , नंदू राणा, संजय संगल, सुखमाल सभासद, जितेंद्र पूर्व प्रमुख, विरेंद्र मादलपुर, ईश्वर सिंह, मुकेश, संजीव, सतेंद्र, राहुल आदि रहे।