शामली के व्यस्तम क्षेत्र मोहल्ला धीमानपुरा में स्थित एक्सिस बैंक में घुसे हथियारबंद बदमाश ने बड़ी लूट का अंजाम दिया। मंगलवार दोपहर एक बदमाश ने दो तमंचों से आतंकित कर शाखा प्रबंधक और कैशियर को बंधक बनाकर 40 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश बैंक के बाहर खड़ी अपनी बाइक से फरार हो गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र में धीमानपुरा रेलवे फाटक के निकट स्थित एक्सिस बैंक में दोपहर करीब दो बजे एक युवक सीधे शाखा प्रबंधक नवीन जैन के कक्ष में पहुंचा। वहां वह करीब आधे घंटे तक रहा। उसने शाखा प्रबंधक को सुसाइड नोट दिखाते हुए कहा कि उस पर 40 लाख रुपये का कर्ज है। अगर उसने कर्ज नहीं चुकाया तो वह बर्बाद हो जाएगा।